बुधवार, 8 सितंबर 2021

प्रधानाध्यापकों का होगा 35 हजार मूल वेतन।देखिए ये रिपोर्ट


राज्य के प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रधान शिक्षकों के 40,518 एवं उच्च  माध्यमिक विद्यालयों के लिए  5,334 पद सृजित किये गये हैं। इसके साथ ही प्राथमिक विद्यालयों में 40,518 प्रधान शिक्षकों एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 5,334 प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से लिखित परीक्षा के आधार पर होनी है। राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालयों में 40,518 प्रधान शिक्षक के पद सृजन के प्रस्ताव पर मंगलवार को कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति दे दी। इसी प्रकार राज्य के माध्यमिक विद्यालय विहीन पंचायतों में स्थापित उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के 5,334 पदों के सृजन के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति दे दी। प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग को भेजी जायेगी। उसके बाद आयोग द्वारा परीक्षा ली जायेगी। परीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोग सिलेबस बनायेगा। 


उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नियुक्त होने वाले प्रधानाध्यापकों का मूल वेतन पैंतीस हजार रुपये होगा। मूल वेतन में महंगाई भत्ता एवं आवास भत्ता सहित अन्य भत्ते की राशि जुड़ेगी। आपको बता दे कि राज्य माध्यमिक विद्यालय विहीन पंचायतों में सरकार द्वारा एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय खोले गये हैं। ऐसे 5,334 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक नियुक्त किये जाने हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत 1,087 माध्यमिक विद्यालय खोले गये हैं, जो उच्च माध्यमिक हो चुके हैं। इनमें प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति होनी है। प्रधानाध्यापकों के पद नये वेतन संरचना के हैं। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों के पद भी नये वेतन संरचना के हैं।




0 टिप्पणियाँ: